जोहार हिंदुस्तान डेस्क/लोहरदगा: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोहरदगा जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल की पुण्यतिथि पर आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश सह प्रभारी बेला प्रसाद ने लोहरदगा पहुंचकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस परिवार की ओर से दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश अध्यक्ष और सह प्रभारी ने स्व. जायसवाल के पुत्र तथा लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव के विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि.. स्व. प्राण प्रसाद जायसवाल कांग्रेस पार्टी के मजबूत स्तंभ रहे हैं। उनके संगठनात्मक योगदान और सामाजिक सरोकारों को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्व. प्राण प्रसाद जायसवाल के जीवन, पार्टी में उनकी भूमिका और जनता से उनके गहरे जुड़ाव को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल है।
इस श्रद्धांजलि सभा में लोहरदगा जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत, कार्यकारी अध्यक्ष हाजी शकील अहमद, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा प्रवीण समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांति, सम्मान और भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।