जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में मंगलवार को प्रखंड किस्को मुख्यालय परिसर में जन संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। यह जन संवाद कार्यक्रम चार सत्रों में संपन्न हुआ, जिसमें पेसा अधिनियम, मनरेगा बचाओ अभियान, GPCC की भूमिका तथा BLA-2 प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ विस्तार से संवाद किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में AICC सचिव सह झारखंड प्रदेश प्रभारी माननीय डॉ. सीरिवेल्ला प्रसाद जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव सह जिला पर्यवेक्षक डॉ. राजेश कुमार गुप्ता जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जन संवाद को संबोधित करते हुए AICC सचिव सह झारखंड प्रभारी माननीय डॉ. सीरिवेल्ला प्रसाद जी ने कहा कि पेसा अधिनियम, मनरेगा, GPCC की भूमिका और BLA-2 प्रशिक्षण सभी विषय एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि पेसा अधिनियम आदिवासी और ग्रामीण समाज को स्वशासन का अधिकार देता है और ग्राम सभा को सशक्त बनाता है। मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार है, जबकि GPCC संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करती है। BLA-2 प्रशिक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और जनता से संवाद ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदेश महासचिव सह जिला पर्यवेक्षक डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा अधिनियम ग्रामीण भारत के लिए संजीवनी के समान है। यह कानून लाखों गरीब परिवारों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन प्रदान करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के बजट में लगातार कटौती कर इसके अस्तित्व को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी नीति का पुरजोर विरोध करती है और मनरेगा को बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि झारखंड में पेसा अधिनियम का लागू होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह कानून ग्राम सभा को अधिकार सम्पन्न बनाता है और आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति तथा जल-जंगल-जमीन की रक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि पेसा अधिनियम का सही और ईमानदार क्रियान्वयन ही इसका वास्तविक उद्देश्य है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आदिवासी अधिकारों की लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पेसा कानून के प्रति जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान BLA मास्टर ट्रेनर संदीप कुमार गुप्ता ने आगामी SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के BLA साथियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता, सत्यापन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में BLA की भूमिका को विस्तार से समझाया तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर AICC सचिव सह झारखंड प्रदेश प्रभारी माननीय डॉ. सीरिवेल्ला प्रसाद, प्रदेश महासचिव सह जिला पर्यवेक्षक डॉ. राजेश कुमार गुप्ता जी, स्टेट को-ऑर्डिनेटर संजय कुमार, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी भगत, BLA मास्टर ट्रेनर संदीप कुमार गुप्ता एवं विशाल डूंगड़ूंग, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष यूनुस अंसारी, NSUI जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, सांसद प्रतिनिधि दयानंद उरांव, असलम अंसारी, आकिब अंसारी, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।