जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : नगर निकाय चुनाव को लेकर लोहरदगा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार संतोष उराँव के समर्थन में शहरी क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों में आयोजित जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है।
कांग्रेस का मानना है कि यह भीड़ पार्टी समर्थित उम्मीदवार के जीत का संकेत है। जिससे कांग्रेसी कार्यकर्ता गदगद हैं कांग्रेस का कहना है कि जनसभाओं में उमड़ी भारी भीड़ ने यह संकेत दिया कि नगर की जनता बदलाव के मूड में है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभिन्न स्थलों पर संजय नायक, शम्भू प्रजापति एवं विपुल राम ने की। मंच संचालन की जिम्मेदारी भी इन्हीं के द्वारा कुशलतापूर्वक निभाई गई। जनसभा स्थल नारों, तालियों और जनउत्साह से गूंज उठा। उपस्थित समर्थकों ने कांग्रेस के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता, अभय महतो एवं प्रत्याशी संतोष उराँव ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति सत्ता की लालसा से नहीं बल्कि गरीब, शोषित, वंचित और आम नागरिक की सेवा की भावना से प्रेरित है। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस केवल वादों की पार्टी नहीं बल्कि जनता के हर सुख-दुख में साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है।
प्रत्याशी संतोष उराँव ने अपने संबोधन में कहा कि यदि नगर की जनता उन्हें अध्यक्ष का दायित्व सौंपती है तो वे शासक बनकर नहीं बल्कि सेवक बनकर कार्य करेंगे। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य नगरवासियों को होल्डिंग टैक्स में राहत, हर घर शुद्ध पेयजल, सम्मानजनक आवास, भ्रष्टाचार-मुक्त नगरपालिका व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय, पुस्तकालय, मजबूत एवं सुरक्षित सड़कें, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, नियमित साफ-सफाई तथा निर्बाध जल आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएँ प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराना है।
वक्ताओं ने कहा कि नगर की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं बल्कि जमीनी कार्य से होगा और कांग्रेस इसी दिशा में प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नगर के विकास और पारदर्शी प्रशासन के लिए कांग्रेस को समर्थन दें।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, प्रखण्ड अध्यक्ष जुगल भगत, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमील अंसारी, एसीएस अध्यक्ष अवधेश उराँव, उपाध्यक्ष फूलचंद उराँव, सरना समिति से रघु उराँव, सेवादल से शम्भू प्रजापति, अखाड़ा पड़हा समिति से फूलदेव उराँव, श्रीकांत जयसवाल, संजय पाण्डेय, मदन उराँव, भरत प्रजापति, मनीष मुण्डा, रंजीत नायक, विपुल राम, आशीर्वाद भगत, राहुल उराँव, रूपेश उराँव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जनसभा का समापन एकजुटता, जनविश्वास और विजय के संकल्प के साथ हुआ। नारों से गूंजता वातावरण और जनता का उत्साह यह दर्शा रहा था कि लोहरदगा नगर की राजनीति में चुनावी मुकाबला अब पूरी तरह गरमा चुका है।