जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोमवार, 26 जनवरी 2026 को लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में जिले भर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंज उठा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर भव्य रूप से झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने प्रातः 6:30 बजे कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में, 6:35 बजे राजेंद्र पार्क में तथा 6:40 बजे पावरगंज चौक में विधिवत झंडोत्तोलन किया। इसके अलावा बरवाटोली, मिशन चौक, स्टेडियम मैदान और नंदलाल +2 उच्च विद्यालय अर्रु में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भी उनकी गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश की आत्मा, संघर्ष और बलिदान की स्मृति का दिन है। उन्होंने कहा कि भारत केवल नक्शे पर अंकित भूभाग नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के सपनों, आशाओं और शहीदों के त्याग से बना राष्ट्र है। हमारे संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं, लेकिन साथ ही समाज और देश के प्रति कर्तव्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में समानता, न्याय और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को व्यवहार में उतारना बेहद आवश्यक है। नफरत और विभाजन की राजनीति से ऊपर उठकर प्रेम, सौहार्द और एकता के साथ ही गणतंत्र को मजबूत किया जा सकता है। जिलाध्यक्ष ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश की असली ताकत है और भारत का भविष्य उन्हीं के हाथों में सुरक्षित है।
जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि शहीदों के संघर्ष से मिला यह लोकतंत्र और संविधान हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, जिसकी रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और देश की एकता को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।
गणतंत्र दिवस समारोह में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पूर्व जिला महासचिव रितेश कुमार, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर संदीप कुमार गुप्ता, विशाल डूंगडूंग, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जसवाल, प्रदेश सेवादल सचिव प्रदीप विश्वकर्मा, गोपाल दत्ता, चंदन गुप्ता, परवेज अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकता और संविधान के प्रति अटूट आस्था के संकल्प के साथ किया गया।