लोहरदगा। स्व. प्रदीप भगत की पुण्यतिथि के अवसर पर पैरेंट्स-टीचर मीटिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिनव सिद्धार्थ भगत शामिल हुए और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को संबोधित किया।
इस दौरान अभिनव सिद्धार्थ भगत ने कहा कि बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है, क्योंकि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, लेकिन यदि माता-पिता और शिक्षक उन्हें सही मार्गदर्शन नहीं दें तो वे गलत रास्तों की ओर भी जा सकते हैं। इसलिए बच्चों को शिक्षा और संस्कार दोनों देना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। साथ ही बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर अभिनव सिद्धार्थ भगत ने स्कूल के संचालक मोहित भगत के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश सेवा के साथ-साथ शिक्षा को बढ़ावा देना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मोहित भगत भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं और साथ ही अपने आवास को हॉस्टल में बदलकर सुदूरवर्ती और गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को पढ़ाई का अवसर दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे युवाओं की सोच और प्रयास सराहनीय हैं और इस तरह के कार्यों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो बच्चे यहां रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे।
मौके पर युवा कांग्रेस के विधानसभा उपाध्यक्ष बिनय उरांव ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय, नेतारहट, सैनिक स्कूल और एकलव्य विद्यालय जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने से बच्चों का बुनियादी ज्ञान कम उम्र में ही मजबूत हो जाता है। इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को इस तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम में संदीप उरांव, मोहित उरांव, तबारक हुसैन अंसारी (मंच संचालक सह पीटी शिक्षक), एलिना तिग्गा, दाऊद उरांव, सुदरमुनी (सेवानिवृत्त शिक्षक) सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित थे।