रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत रांची के वार्ड संख्या 26 स्थित बूथ संख्या 7, संत कुलदीप हाई स्कूल में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं गाडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी मतदान किया।
सुबह निर्धारित समय पर मुख्यमंत्री दंपत्ति मतदान केंद्र पहुंचे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्र पर आम मतदाताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने मतदान करने के बाद लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास से सीधे जुड़ा हुआ है और यह लोकतंत्र की मजबूत कड़ी है। उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान में सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान मतदान केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती रही। मतदाताओं की कतारें सुबह से ही देखी गईं, जिससे स्पष्ट है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह है।
झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत राज्य के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान जारी है और मतदाता अपने-अपने प्रतिनिधियों का चयन कर रहे हैं।