जोहार हिंदुस्तान | रांची : भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद सोमवार की सुबह रांची पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही एयरपोर्ट पर जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष काशिफ़ रज़ा और पाकी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मुमताज़ ख़ान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थकों और पदाधिकारी मौजूद थे।
एयरपोर्ट पर जैसे ही चंद्रशेखर आजाद बाहर आए, कार्यकर्ताओं ने “जय भीम”, “चंद्रशेखर आजाद जिंदाबाद” और “भीम आर्मी ज़िंदाबाद” के नारों से माहौल गूंजा दिया। फूल-मालाओं और नीले झंडों से उनका भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों में इतनी उमंग थी कि कई लोग अपने मोबाइल से लगातार लाइव प्रसारण करते रहे।
स्वागत कार्यक्रम के बाद चंद्रशेखर आजाद पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ रामगढ़ जिले के नेमरा के लिए रवाना हुए। नेमरा पहुंचकर वे झारखंड आंदोलन के प्रख्यात नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
चंद्रशेखर आजाद का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। झारखंड में आजाद समाज पार्टी अपने संगठन का विस्तार कर रही है और कई जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनसंपर्क अभियान चला रही है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान चंद्रशेखर आजाद झारखंड के विभिन्न मुद्दों — विशेषकर आदिवासी अधिकार, दलित शोषण, शिक्षा और रोज़गार के सवालों पर अपनी स्पष्ट राय रखेंगे।
कार्यक्रम के बाद चंद्रशेखर आजाद के राज्य स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक बंद-दरवाज़ा बैठक करने की भी संभावना है, जिसमें आगामी महीनों के लिए राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तय की जाएगी।