जोहार हिंदुस्तान | रामगढ़ : झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को आज उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर देश के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से पहुंचे और गुरुजी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश की राजनीति में संघर्ष और त्याग की मिसाल थे।
राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पण के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, उनकी माता रूपी सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों से भेंट की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि गुरुजी ने आदिवासी समाज, किसानों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह इतिहास के पन्नों में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।
इसके बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री ने श्राद्धकर्म पर आयोजित भोज में भी हिस्सा लिया और ग्रामीणों तथा श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरुजी की सादगी और जुझारूपन ही उन्हें जन-जन का प्रिय बनाता है। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुँचाने के लिए सतत संघर्ष आवश्यक है।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।