जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोहरदगा जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से बीएस कॉलेज स्टेडियम मैदान में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शान से तिरंगा लहराया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जिलेवासियों और राज्यवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं और आम लोगों को राजनीतिक षड्यंत्रों और भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के विकास के लिए जाति और धर्म से ऊपर उठकर देशप्रेमी बनना होगा। संविधान सभी नागरिकों को समानता के साथ जीने का अधिकार देता है और संविधान का सम्मान व पालन करना हम सभी का कर्तव्य है।
मंत्री ने कहा कि भारतीय कांग्रेस पार्टी का संविधान के निर्माण और उसकी ड्राफ्टिंग में ऐतिहासिक योगदान रहा है, जो आजादी से पहले से ही देशहित में कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि आज जो दल सत्ता में हैं, उनका न तो स्वतंत्रता संग्राम में योगदान रहा और न ही संविधान निर्माण में। इसलिए लोगों से अपील है कि वे देश के इतिहास को पढ़ें और केवल सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों पर विश्वास न करें।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, उपायुक्त डॉ. ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।