जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती गुरुवार, 25 दिसंबर 2025 को भारतीय जनता पार्टी द्वारा सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पूरे झारखंड प्रदेश के साथ-साथ लोहरदगा जिला में भी बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर अटल जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इसी क्रम में सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कैमो में आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मनीर उरांव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनीर उरांव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का नेतृत्व केवल राजनीतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं था। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। वे एक महान वक्ता और कवि थे, जिनकी काव्य रचनाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता झलकती है।
मनीर उरांव ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माता के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय है। झारखंडियों और आंदोलनकारियों के सपने को साकार कर उन्होंने राज्य को नई पहचान दी। आज झारखंड के लोग हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें स्वतंत्र रूप से अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने झारखंड का सौदा तक कर दिया था, लेकिन अटल जी ने झारखंड को उसका हक दिलाया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री पशुपति नाथ पारस ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए ठोस योजनाएं बनाईं और उनके लिए स्वतंत्र मंत्रालय का गठन किया। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण एकलव्य आवासीय विद्यालय हैं, जो आज लगभग सभी प्रखंडों में संचालित हो रहे हैं और आदिवासी बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ रहे हैं।
भाजपा नेता पवन तिग्गा ने कहा कि झारखंड राज्य के लिए आंदोलन तो कई लोगों ने किया, लेकिन उस आंदोलन को सफलता तक पहुंचाने और राज्य निर्माण में निर्णायक भूमिका अटल बिहारी वाजपेयी ने निभाई। उन्होंने झारखंडियों की पीड़ा को समझा और गांव से लेकर शहर तथा विकसित शहर तक पहुंचने का रास्ता अपनी दूरदर्शी सोच से प्रशस्त किया। यही कारण है कि उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा देश-विदेश में होती है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रभु उरांव सहित रंजय उरांव, संजय उरांव, जम्मा उरांव, मनीष उरांव, संजय भगत, संजू उरांव, मनोज उरांव, बनारसी उरांव, मंगरू उरांव, सोमे उरांव, नरेश पहान, राजेश पहान, पुनीदास उरांव, बुधु उरांव, शुका उरांव, उषा कुमारी, करमी उराईन, सुरेश उरांव, सरिता उरांव, सुमंती कुमारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
