जोहार हिंदुस्तान | नागपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो एयरलाइंस के विमान से एक पक्षी टकरा गया। इस घटना से विमान की नोज (सामने का हिस्सा) अंदर धंस गई, जिसके चलते तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 272 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, सभी लोग सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, नागपुर से कोलकाता के लिए इंडिगो ने उड़ान भरी थी। उड़ान भरते ही विमान से पक्षी टकरा गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने तुरंत नागपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया।
यात्रियों में मची दहशत, लेकिन सभी सुरक्षित
घटना के समय विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि, पायलट और क्रू की तत्परता से सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
तकनीकी जांच जारी
इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी करते हुए कहा कि विमान से पक्षी टकराने के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों को जल्द गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
एयरपोर्ट अधिकारियों का बयान
एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि यह एक सामान्य बर्ड हिट घटना थी, लेकिन चूंकि विमान की नोज प्रभावित हुई थी, इसलिए एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यात्रियों को कोई खतरा नहीं हुआ।