जोहार हिंदुस्तान | पटना : बिहार की राजनीति में बदलाव की एक नई पटकथा लिखी जा रही है। आज पटना स्थित मौर्य होटल के केसरिया हॉल में तेज प्रताप यादव के नेतृत्व में “टीम तेज प्रताप” के बैनर तले पाँच क्षेत्रीय दलों का एक महागठबंधन औपचारिक रूप से घोषित किया गया। इस अवसर पर एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया जिसमें सभी दलों के शीर्ष नेतृत्व ने भाग लिया।
गठबंधन में शामिल दल
इस नवगठित गठबंधन में जिन पाँच राजनीतिक दलों ने अपनी सहमति और भागीदारी दी है, वे हैं:
1. विकास वंचित इंसान पार्टी (VVIP)
2. भोजपुरिया जन मोर्चा (BJM)
3. प्रगतिशील जनता पार्टी (PJP)
4. वाजिब अधिकार पार्टी (WAP)
5. संयुक्त किसान विकास पार्टी
सभी दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने मंच से गठबंधन के उद्देश्यों को साझा करते हुए इसके समर्थन का ऐलान किया।
गठबंधन का नारा और उद्देश्य
सामाजिक न्याय, सामाजिक हक़, संपूर्ण बदलाव
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा.. “हमारा लक्ष्य बिहार में एक नया सामाजिक और राजनीतिक बदलाव लाना है। अगर जनता हमें मौका देती है, तो हम लोहिया, कर्पूरी ठाकुर और जय प्रकाश नारायण के सपनों को साकार करेंगे। हम सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई को फिर से मुख्यधारा में लाएंगे।”
जनता से सीधा वादा
तेज प्रताप यादव ने मंच से जनता को यह वादा किया कि यदि यह गठबंधन सत्ता में आता है, तो बिहार में:
हर वर्ग को न्याय मिलेगा, युवाओं को रोजगार और शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा
किसानों और पिछड़े वर्गों के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी
संपूर्ण विकास के साथ सामाजिक समरसता को स्थापित किया जाएगा
अंत में, तेज प्रताप यादव ने इस गठबंधन को समर्थन देने वाले सभी दलों, उनके नेताओं और समर्थकों का हृदय से धन्यवाद और आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा.. “हम मिलकर बिहार को नई दिशा देंगे। ये सिर्फ गठबंधन नहीं, एक संकल्प है बदलाव का।”