जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लखनऊ में आयोजित भारत स्काउट और गाइड की जम्बूरी में शामिल होकर लौटे लोहरदगा जिले के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को डीसी डॉ. ताराचंद, एसपी सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डीईओ दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर और डीएसई अभिजीत कुमार से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।
स्काउट अश्विन मिंज ने बताया कि जम्बूरी में भारत सहित सात अन्य देशों के स्काउट–गाइड दल शामिल हुए थे। इससे अलग-अलग देशों की संस्कृति, पायनियोरिंग प्रोजेक्ट और कार्यशैली को नजदीक से जानने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट और गाइड एक “अथाह समुद्र” की तरह है जहां हर पल नई गतिविधियां चलती रहती हैं।
गाइड काजल लकड़ा, सोनल लकड़ा और साक्षी टोप्पो ने बताया कि लोहरदगा जिले से कुल 47 सदस्य जम्बूरी में शामिल हुए, जबकि पूरे झारखंड से 826 स्काउट–गाइड प्रतिनिधि पहुंचे थे। फूड प्लाजा, ट्रैकिंग, एआई गेम, निशानेबाजी सहित कई एडवेंचर गतिविधियों में इन्होंने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी को भी छात्रों ने देखा, जिसे उन्होंने बेहद उपयोगी बताया।
डीसी डॉ. ताराचंद ने कहा कि भारत स्काउट और गाइड अनुशासन के साथ-साथ प्रतिभा को निखारने का काम करता है। विद्यालयों को चाहिए कि स्काउट–गाइड गतिविधियों से अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ा जाए, जिससे उन्हें अपने हुनर को दिखाने का मंच मिले। उन्होंने कहा कि स्काउट–गाइड के प्रमाण पत्र की महत्ता समय के साथ बढ़ती जाती है। डीसी ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने छात्रों से विस्तार से उनके अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि यह उम्र सीखने और आगे बढ़ने की है। जितना बच्चे अपनी प्रतिभा को तराशेंगे, उतना भविष्य में सफलता पाएंगे। एसपी ने स्काउट–गाइड की कार्यप्रणाली और गतिविधियों को भी गहराई से समझने का प्रयास किया।
जिला संगठन आयुक्त गौतम लेनिन ने बताया कि लोहरदगा जिले के बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊ जम्बूरी में यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्काउट–गाइड प्रतिनिधियों को संबोधित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बताया कि रहने के लिए साढ़े तीन एकड़ के विशाल क्षेत्र में टेंट व्यवस्था की गई थी। एरीना में रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रदर्शन, मार्च पास्ट, टेंट पिचिंग और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लेकर अपने राज्य का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन आयुक्त गौतम लेनिन ने डीसी डॉ. ताराचंद और एसपी सादिक अनवर रिजवी को स्कार्फ और बैज प्रदान किया। मौके पर गाइडर संध्या कुजूर और सरोज तिर्की भी मौजूद रहीं।
