जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : हिंडाल्को के लोहरदगा जिला मुख्यालय में शुक्रवार की शाम ट्रक ओनर एसोसिएशन और प्रबंधन के बीच हुई वार्ता अचानक तनावपूर्ण हो गई। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं की स्थिति बन गई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए गरम हो गया।
लोहरदगा में पिछले कुछ दिनों से ट्रक ओनर एसोसिएशन के भीतर विवाद की स्थिति बनी हुई है। संगठन के भीतर वर्चस्व को लेकर खींचतान तेज है, और इसी को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ लोग साम, दाम, दंड, भेद की रणनीति अपनाकर प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहे हैं।
इन्हीं मुद्दों को लेकर शुक्रवार को एसोसिएशन और हिंडाल्को प्रबंधन के बीच बातचीत हुई। चर्चा के दौरान कई मुद्दों पर मतभेद उभर आए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति इतनी बढ़ गई कि एसोसिएशन के सदस्यों ने हिंडाल्को प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
हालांकि, कुछ समय बाद हिंडाल्को के पदाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। वार्ता को आगे शांतिपूर्वक जारी रखा गया और मौके का माहौल सामान्य हो गया।
