जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड : राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के बलसोकरा में हाल ही में हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल कैफ़ रज़ा का इलाज जारी है। उनकी हालत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है, परंतु स्थिति गंभीर है हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, कैफ़ रज़ा पर धारदार हथियार से गर्दन पर हमला किया गया था, जिससे उनकी नसें कट गई थीं और स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी। इस घटना में संतोष ने अपने भाई रवि के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और जिम्मेदार नागरिकों की तत्परता से कैफ़ रज़ा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर इलाज शुरू होने के कारण अब उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
इसी क्रम में एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) की टीम ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर कैफ़ रज़ा का हालचाल जाना और उनके इलाज की स्थिति का जायजा लिया। टीम ने अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात कर यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि उन्हें बेहतर और किफायती इलाज मिल सके।
APCR एक सामाजिक संगठन है, जो समाज में न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करता है तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा सक्रिय रहता है।
टीम ने उम्मीद जताई है कि कैफ़ रज़ा जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे। साथ ही, उन्होंने आम लोगों से शांति बनाए रखने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील भी की है।
यह घटना जहां एक ओर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, वहीं समय पर मिले उपचार और सामाजिक सहयोग ने एक बड़ी अनहोनी को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।