जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: रक्तदान को सबसे बड़ा दान और महादान कहा गया है, क्योंकि इसके माध्यम से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। इसी भावना के साथ लोहरदगा शहरी क्षेत्र के पतरा टोली स्थित अमृत केयर हॉस्पिटल ने मानव सेवा और सामाजिक दायित्व को निभाते हुए एक सराहनीय पहल की है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अमृत केयर हॉस्पिटल की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह रक्तदान शिविर 21 जनवरी 2026 को अमृत केयर हॉस्पिटल परिसर में आयोजित किया जाएगा। शिविर की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह आयोजन पूरी तरह मानव सेवा और जनहित के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग आगे आकर रक्तदान कर सकें।
इस रक्तदान शिविर की खास बात यह है कि रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। अमृत केयर हॉस्पिटल की ओर से रक्तदाताओं को आकर्षक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे। हालांकि, उपहार क्या होगा, इसे फिलहाल सस्पेंस में रखा गया है, ताकि लोगों में रक्तदान को लेकर उत्साह और सहभागिता और अधिक बढ़ सके।
इसके अलावा रक्तदाताओं को फल और फ्रूट जूस भी दिया जाएगा, जिससे रक्तदान के बाद उन्हें तुरंत ऊर्जा मिल सके। साथ ही शिविर के माध्यम से सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाएगा।
इस शिविर को लेकर सिविल सर्जन, लोहरदगा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में शामिल हों। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार का स्वास्थ्य नुकसान नहीं होता, बल्कि यह जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है।
शिविर के दौरान लोहरदगा ब्लड बैंक के प्रशिक्षित कर्मी मौजूद रहेंगे, जिससे रक्तदान की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
अमृत केयर हॉस्पिटल के संचालक सुमन साहू ने भी आम लोगों से अपील की है कि वे इस रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी बचाई जा सकती है और यही सबसे बड़ा सामाजिक योगदान है।
अमृत केयर हॉस्पिटल की यह पहल न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए सहारा बनेगी, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, सेवा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का भी कार्य करेगी। जिलेवासियों से अपील है कि वे 21 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे अमृत केयर हॉस्पिटल पहुंचकर रक्तदान करें और इस नेक कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं।