जोहार हिंदुस्तान | रांची/नई दिल्ली: देशभर के स्कूलों, अदालतों और सरकारी दफ्तरों को ईमेल और कॉल के जरिए करीब 1000 बार फर्जी बम की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले 47 वर्षीय आरोपी श्रीनिवास लुईस को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद अब मामले की जांच और तेज हो गई है तथा विभिन्न राज्यों की पुलिस इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों के संस्थानों को फर्जी धमकियां भेज रहा था, जिससे कई जगहों पर दहशत का माहौल बन गया और सुरक्षा एजेंसियों को बार-बार अलर्ट होना पड़ा।
इसी कड़ी में झारखंड में भी स्कूलों, अदालतों और कई सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए झारखंड पुलिस अब इस मामले में सक्रिय हो गई है।
पुलिस मुख्यालय, रांची से मिली जानकारी के अनुसार, इन धमकियों के झारखंड कनेक्शन की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) को दिल्ली रवाना किया गया है। यह टीम आरोपी श्रीनिवास लुईस से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि झारखंड में भेजी गई धमकियों के पीछे उसका क्या उद्देश्य था और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है।
साथ ही झारखंड पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी और खुफिया जानकारी भी जुटाएगी।
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी ने इन फर्जी धमकियों के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया और क्या इसके पीछे कोई संगठित साजिश थी। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं, बल्कि इससे आम लोगों में भय का माहौल पैदा होता है और सुरक्षा संसाधनों पर अनावश्यक दबाव भी बढ़ता है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, वहीं झारखंड पुलिस की टीम दिल्ली पहुंचकर इस मामले के अंतरराज्यीय पहलुओं की गहराई से जांच करेगी।