जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : लोहरदगा नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 के उम्मीदवार अब्दुल कादिर अली उर्फ छोटू के समर्थन में लगातार जनसमर्थन बढ़ता दिखाई दे रहा है। बुधवार की शाम इसका बड़ा उदाहरण वार्ड संख्या 12 क्षेत्र अंतर्गत थाना टोली में आयोजित जनसभा के दौरान देखने को मिला।
सभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार जनसभा में लगभग ढाई सौ से तीन सौ लोगों की भीड़ जुटी, जो वार्ड स्तर के चुनाव के हिसाब से काफी बड़ी मानी जा रही है। खास बात यह रही कि इस भीड़ में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर उम्मीदवार अब्दुल कादिर अली उर्फ छोटू के समर्थन में नजर आईं, जिससे चुनावी माहौल और गर्म हो गया है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशी अब्दुल कादिर अली उर्फ छोटू ने कहा कि उनका चुनावी एजेंडा पूरी तरह वार्ड के विकास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि वे वार्ड संख्या 12 को भय और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाली, पानी, सड़क और बुनियादी विकास उनके मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
इस मौके पर उनके बड़े भाई एवं समाजसेवी हाजी अब्दुल जब्बार ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार इस चुनाव में राजनीति करने के लिए नहीं बल्कि सेवा भावना के साथ मैदान में उतरा है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से वार्ड के लोगों के सुख-दुख में शामिल रहा है और आगे भी इसी तरह जनता के साथ खड़ा रहेगा।
सभा के दौरान हाजी अब्दुल जब्बार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि यदि अब्दुल कादिर अली चुनाव जीतते हैं तो वार्ड संख्या 12 के नागरिकों के लिए एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी सेवा पूरी तरह निशुल्क होगी और यह एंबुलेंस वार्डवासियों को समर्पित रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड का समग्र विकास करना है, जिसमें हर हाथ को हुनर, हर हाथ को रोजगार, बेहतर शिक्षा, खुशहाली और विकास सुनिश्चित करना शामिल है।
सभा में मौजूद भीड़ और लोगों के उत्साह को देखकर समर्थकों में काफी जोश देखने को मिला। जनसभा के दौरान लोगों ने विकास और सेवा के मुद्दे पर समर्थन जताया। चुनावी माहौल के बीच अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड संख्या 12 में चुनाव परिणाम किस दिशा में जाता है।
लोहरदगा नगर परिषद चुनाव को लेकर सभी वार्डों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और उम्मीदवार लगातार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हुए हैं।