जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी की राजनीतिक मामलों की समिति (पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी) की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर प्रखंड कुडू मुख्यालय स्थित वन विभाग विश्रामालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। इस बैठक में लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में नगर निकाय चुनाव के तहत नगर अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त आवेदनों और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने बारी-बारी से अपने सुझाव और प्रस्ताव रखे।

जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि नगर निकाय चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है और पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि योग्य और मजबूत प्रत्याशी चयन पार्टी की प्राथमिकता है।
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठनात्मक मजबूती और जनसमर्थन के आधार पर चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कार्य करें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्याशी चयन प्रक्रिया के तहत स्क्रीनिंग कमिटी द्वारा नामों को अंतिम रूप देकर प्रदेश कांग्रेस कमिटी को भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस कमिटी और पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा। जिस प्रत्याशी को पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित किया जाएगा, उसे विजय दिलाने के लिए जिला कांग्रेस कमिटी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी भगत, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, नगर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, युवा प्रदेश महासचिव विशाल डूंगडूंग, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोज्जमिल अंसारी, महिला जिलाध्यक्ष सीमा प्रवीन, युवा जिलाध्यक्ष दानिश अली, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता, NSUI जिलाध्यक्ष मनौवर आलम, सेवादल जिलाध्यक्ष शम्भू प्रजापति सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के बाद स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्यों जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी भगत ने अलग से बैठक कर संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार की, जिसे प्रदेश कांग्रेस कमिटी को भेज दिया गया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की यह बैठक संगठनात्मक तैयारी और रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।