जोहार हिंदुस्तान | डेस्क|नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के महराजगंज से एआईएमआईएम सांसद और पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को भारत रत्न देने की मांग उठाई गई है। पार्टी की जिला इकाई ने इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम एक औपचारिक याचिका भेजी है, जिसमें ओवैसी के सामाजिक, शैक्षणिक और राष्ट्रीय स्तर पर किए गए योगदान का उल्लेख किया गया है।
एआईएमआईएम जिला इकाई द्वारा यह याचिका महराजगंज के जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित की गई है। पत्र में कहा गया है कि असदुद्दीन ओवैसी दशकों से देश में शिक्षा के प्रसार, अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक उत्थान, गरीबी उन्मूलन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं।

याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि ओवैसी ने संसदीय मंचों के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। उनके विचार और कार्य न केवल एक समुदाय तक सीमित हैं, बल्कि देश के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने की दिशा में योगदान देते रहे हैं।
एआईएमआईएम नेताओं ने कहा कि भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र और मानवता की सेवा में असाधारण योगदान दिया हो। उनका मानना है कि असदुद्दीन ओवैसी इस सम्मान के योग्य हैं।
पार्टी पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की मांगें जनभावनाओं की अभिव्यक्ति होती हैं और अंतिम निर्णय केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिया जाता है।