जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : जिले के किस्को थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 68 वर्षीय वृद्ध महिला सोमरी देवी की मौत हो गई। यह हादसा सलैया गांव के पास हुआ, जहां वह पेंशन की राशि निकालने के लिए आई थीं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि करीब 30 वर्ष पहले उनके पति की भी सड़क दुर्घटना में इसी तरह मौत हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका सोमरी देवी (पति स्वर्गीय तिवारी गंझू), केरा झरिया, मसवा पाथ की निवासी थीं। बताया जाता है कि वह अपनी वृद्धा पेंशन की राशि निकालने के लिए आई थीं। इसी दौरान सलैया गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें तुरंत लोहरदगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स रांची रेफर कर दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बताया जाता है कि यह घटना परिवार के लिए दूसरा बड़ा हादसा है। करीब 30 वर्ष पूर्व मृतका के पति स्वर्गीय तिवारी गंझू की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस समय भी वे बाजार पैसे निकालने गए थे। अब उसी तरह पेंशन की राशि लेने आई पत्नी की भी सड़क हादसे में मौत हो जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
मृतका के पुत्र ने बताया कि जब वह अपनी मां के गर्भ में थे, उसी समय उनके पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब मां के निधन के बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य राजू गुप्ता सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उनके प्रयास से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई और बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजू गुप्ता ने पीड़ित परिवार को सरकार और जिला प्रशासन की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।