जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : नीति आयोग के द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत कर दी गई है। इसको लेकर जिला समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में नीति आयोग की टीम ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा, जिसमें नीति आयोग द्वारा तय विभिन्न विकास संकेतकों यानी इंडिकेटर्स पर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम और आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत कई महत्वपूर्ण संकेतक नीति आयोग द्वारा निर्धारित किए गए हैं और इन सभी में जिले को बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत तय तिथियों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने भी अपने संबोधन में कहा कि विकास कार्यों को सफल बनाने के लिए बेहतर कानून व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा ताकि सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य देश के पिछड़े जिलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बुनियादी ढांचे और वित्तीय समावेशन जैसे क्षेत्रों में सुधार करना है और इनकी प्रगति को तय मापदंडों के आधार पर मॉनिटर किया जाता है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, आधारभूत संरचना और अन्य विकास से जुड़े क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य इन सभी क्षेत्रों में सुधार लाकर जिले को विकास की नई दिशा देना है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई कि वे अपने आकांक्षी जिला और आकांक्षी प्रखंड को सभी संकेतकों में बेहतर बनाने के लिए योगदान देंगे और अपने क्षेत्र को स्वस्थ, समर्थ और समृद्ध बनाने की दिशा में काम करेंगे। इस दौरान संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें सभी अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला योजना पदाधिकारी संजीव सिंह सहित सभी विभागों के पदाधिकारी और पीपीआईए फेलो मौजूद रहे।