जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: लोहरदगा एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित 68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट का भव्य समापन किया गया। समापन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के चित्र पर उनकी धर्मपत्नी शेफाली साहू, धीरज प्रसाद साहू, संजय कुमार साहू, डॉ. रामेश्वर उरांव, निशीथ जायसवाल, सुखदेव उरांव (अध्यक्ष जिला परिषद), हाजी अफसर कुरैशी, विशाल डुंगडुंग, दानिश अली, सबिता साहू, लाल मोहन केसरी, मदन मोहन पांडेय, कमल प्रसाद केसरी, लोहरा उरांव (पूर्व प्राचार्य), कुद्दूस कुरैशी, रितेश साहू, अशोक पोद्दार, उदय गुप्ता, सतीश जायसवाल, राजेश महतो, कार्यकारी सचिव किशोर कुमार वर्मा, अजय प्रसाद सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा उनकी जन्म और कर्मभूमि है और जिले का सर्वांगीण विकास करते हुए युवाओं को खेल से जोड़ना उनका मुख्य उद्देश्य है, ताकि युवा भटकाव से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें।
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में 1951 से चल रही यह खेल परंपरा केवल साहू परिवार की नहीं बल्कि पूरे लोहरदगा जिले की धरोहर है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान और खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और विधायक फंड से ललित नारायण स्टेडियम में शौचालय निर्माण कार्य शुरू कराया गया है ताकि विशेषकर महिला खिलाड़ियों को सुविधा मिल सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोहरदगा का ललित नारायण स्टेडियम स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू की अमानत है और इसके समग्र विकास के लिए सरकार से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक समय लोहरदगा में झारखंड ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने आते थे और इस परंपरा को फिर से मजबूत करना जरूरी है।

शेफाली साहू ने कहा कि इस प्रतियोगिता से उनके पति स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू की यादें जुड़ी हुई हैं और यह आयोजन झारखंड की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता को निरंतर जारी रखना उनकी प्राथमिकता है।
एथलेटिक एसोसिएशन के संगठन सचिव सह कोषाध्यक्ष संजय कुमार साहू ने कहा कि यह प्रतियोगिता उनके बाबूजी की यादों को जीवंत करती है और इसे आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यकारी सचिव किशोर कुमार वर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि लोहरदगा एथलेटिक मीट से लोहरदगा की पहचान खेल जगत में बनी थी। उन्होंने कहा कि साहू परिवार का योगदान उल्लेखनीय रहा है और अब सभी को मिलकर खेल और स्टेडियम के विकास के लिए काम करना होगा।

इस वर्ष प्रतियोगिता में झारखंड के 13 जिलों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। 15 किलोमीटर रोड रेस में लक्ष्य एकेडमी रांची के अमरजीत विजेता बने। प्रतियोगिता के दौरान फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और जलेबी रेस आकर्षण का केंद्र रही।
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को खेल सामग्री और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस बार पहली बार समय पर प्रतियोगिता का समापन किया गया, जिसे सभी ने सराहनीय बताया।
प्रतियोगिता में कई दशकों से सेवा दे रहे सदस्यों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में लोहरदगा एथलेटिक टीम कोच विकास कुमार महतो के नेतृत्व में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में चैंपियन बनी। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में संत टेरेसा महुआ ढांड लातेहार की टीम चैंपियन बनी।
इस अवसर पर ‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विजय गोपाल दत्ता, मदन मोहन पांडेय, लाल मोहन केसरी, शकील अख्तर, सुनील नायक, जहां आरा बेगम, लुखमान अहमद, कमल प्रसाद केसरी सहित कई लोगों को एसोसिएशन की सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंच संचालन रश्मि खेस ने किया। आयोजन में कार्यालय सचिव नसीम अख्तर, मुरारी गोस्वामी, रंजीत साहू, साबिर अहमद, नईम खलीफा, दिनेश साहू, अजय प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी सहयोग में झारखंड एथलेटिक एसोसिएशन के अनवर खान, अभिजीत पात्रा और एम.बी. राव की सराहनीय भूमिका रही।
कार्यक्रम में सुजाउद्दीन राजा, रवींद्र नाथ दत्ता, फहद खान, राम बालक राम सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
68वीं एथलेटिक मीट का सफल आयोजन यह साबित करता है कि लोहरदगा की खेल परंपरा आज भी जीवंत है और आने वाले समय में यह प्रतियोगिता झारखंड के खेल मानचित्र पर और मजबूत पहचान बनाएगी।