जोहार हिंदुस्तान | डेस्क/नई दिल्ली: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नफरत और पहचान के आधार पर की गई हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। देहरादून के विकास नगर इलाके में एक दुकान से नमकीन बिस्कुट खरीदने गए दो कश्मीरी युवकों की दुकानदार और उसके साथियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित युवकों का आरोप है कि जैसे ही दुकानदार को यह पता चला कि वे मुस्लिम हैं और कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं, वह भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए हमला करने लगा।

घायल युवकों के अनुसार, मारपीट करने वालों में दुकानदार के साथ एक महिला भी शामिल थी। हमलावर लगातार सांप्रदायिक और क्षेत्रीय नफरत से भरे नारे लगाते रहे। पीड़ितों ने बताया कि हमलावर कह रहे थे।
“ये कश्मीर नहीं है, यहां कश्मीरी नहीं चलेगी। ये मुस्लिम हैं, इनको जिंदा मार दो। तुमने पहलगाम में हमारे लोगों को मारा है, अब तुम्हें बताएंगे।”
हमले में एक नाबालिग युवक का हाथ टूट गया है, जबकि दूसरे युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों का कहना है कि हमला अचानक हुआ और उन्हें खुद को बचाने तक का मौका नहीं मिला।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल ही में देहरादून में ही त्रिपुरा से आए एक छात्र की हत्या का मामला सामने आया था, जिससे राज्य में बाहरी लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें हर हाल में रोका जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले में देहरादून पुलिस ने पीड़ित युवकों की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 117(2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक आरोपी संजय यादव को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं यह घटना एक बार फिर देश में पहचान, धर्म और क्षेत्र के आधार पर बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।