जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष मनीर उरांव की अध्यक्षता में वीबीजी राम जी योजना को लेकर सम्मेलन आयोजित किया गया। साथ ही जनवरी माह के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को लेकर भी संगठनात्मक बैठक की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि वीबीजी राम जी योजना ग्रामीण मजदूरों के हित में ऐतिहासिक बदलाव लेकर आई है। इस योजना के तहत अब हर ग्रामीण परिवार को साल में 125 दिन रोजगार का कानूनी अधिकार मिलेगा, जबकि पहले मनरेगा के अंतर्गत यह सीमा 100 दिन थी। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ मजदूरी तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास, जल संरक्षण, कृषि कार्यों और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी मजबूती देगी।
उन्होंने बताया कि मजदूरी भुगतान की व्यवस्था को भी अधिक पारदर्शी और मजदूर हितैषी बनाया गया है। अब मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक आधार पर होगा और यदि 15 दिनों के भीतर भुगतान नहीं होता है तो मजदूरों को ब्याज के साथ अतिरिक्त राशि दी जाएगी। योजना में महिलाओं की भागीदारी और सामाजिक समावेशन पर विशेष जोर दिया गया है। जिला अध्यक्ष ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस योजना को लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे लोगों को सच्चाई से अवगत कराएं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
उन्होंने जानकारी दी कि इसी उद्देश्य से 25 जनवरी को सदर प्रखंड अंतर्गत कुजरा में एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को हर महीने के अंतिम रविवार को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुनना सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि केंद्र सरकार की योजनाओं और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में नवीन कुमार टिंकू, बालकृष्ण सिंह, हर्षनाथ महतो, अजय कुमार पंकज, अजातशत्रु, अनिल उरांव, सरिता देवी, मीना बाखला, मिथुन तमेड़ा, संगिता कुमारी, दुबराज वर्मा, प्रकाश नायक, बजरंग करूवा, विक्की कुमार, सुरेश बैठा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।