जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार शनिवार को जिला कांग्रेस कमिटी लोहरदगा द्वारा नगरपालिका परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और जनहित के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस उपवास कार्यक्रम में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा योजना देश के करोड़ों गरीब परिवारों के लिए केवल रोजगार नहीं बल्कि सम्मान के साथ जीने की गारंटी है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कानून कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक देन है, जिसने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी और गरीब, मजदूर तथा किसानों को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार जानबूझकर बजट कटौती और प्रशासनिक लापरवाही के जरिए मनरेगा को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश कर रही है। आज स्थिति यह है कि मजदूरों को न समय पर काम मिल रहा है और न ही मेहनत की मजदूरी। इसका सीधा असर गरीब परिवारों पर पड़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से पलायन बढ़ने लगा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर नहीं होने देगी और इसे बचाने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि मनरेगा योजना ने अपने समय में गांव-गांव में रोजगार देकर बेरोजगारी, भूख और पलायन पर प्रभावी रोक लगाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार द्वारा लाई गई वैकल्पिक योजनाएं मनरेगा का स्थान नहीं ले सकतीं, बल्कि मजदूरों के अधिकारों को कमजोर कर रही हैं। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को स्वीकार नहीं करेगी।
एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया गया और यह संकल्प लिया गया कि गरीबों के हक और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं होने दिया जाएगा।
