जोहार हिंदुस्तान | रांची/झारखंड: झारखंड में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए महापौर और नगर परिषद अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित शहरी निकाय चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार रांची नगर निगम की महापौर सीट अनुसूचित जनजाति (अन्य) के लिए आरक्षित की गई है, जबकि धनबाद नगर निगम की महापौर सीट अनारक्षित (अन्य वर्ग) के लिए रखी गई है। पलामू नगर निगम की महापौर सीट अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित घोषित की गई है।
अन्य नगर निगमों में हजारीबाग की महापौर सीट अत्यंत पिछड़ा वर्ग-1 (अन्य), गिरिडीह की अनुसूचित जाति (अन्य), देवघर और बोकारो की अनारक्षित (अन्य), आदित्यपुर-सरायकेला-खरसावां की अनुसूचित जनजाति (अन्य) तथा पूर्वी सिंहभूम-मानगो की अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित की गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की तैयारी तेज कर दी गई है।
चुनाव आयोग के संकेतों के अनुसार नगर निकाय चुनाव फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च 2026 में कराए जा सकते हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बावजूद चुनाव टाले नहीं जाएंगे और समय पर मतदान कराने की योजना है।
राज्य में कुल 48 शहरी निकायों में चुनाव होने हैं। इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें से 13 शहरी निकायों में वर्ष 2020 से और शेष में वर्ष 2022 से चुनाव लंबित थे।
नगर निगमों में रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो शामिल हैं। नगर परिषदों में गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी-तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम शामिल हैं। वहीं नगर पंचायतों में बंशीधरनगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आरक्षण अधिसूचना जारी होने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब सभी की निगाहें चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।
