जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड: ऑक्सब्रिज स्कूल, हिरही में शनिवार को वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑक्सब्रिज स्कूल मांडर, रांची के डायरेक्टर तौफीक आलम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष डा. अंजुम आरा, और विशेष अतिथि के रूप में ऑक्सब्रिज स्कूल मांडर, रांची की प्रधानाध्यापिका इवोन एवेंजलिन एक्का शामिल हुईं।
अतिथियों का स्वागत पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानपूर्वक किया गया। इसके बाद छोटे–छोटे बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों से सभी का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में स्वागत नृत्य, रीमिक्स डांस, साउथ इंडियन डांस, संबलपुरी नृत्य, नागपुरी डांस, फैशन शो और कव्वाली जैसे आकर्षक कार्यक्रम शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि डा. अंजुम आरा ने कहा कि वार्षिकोत्सव सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों की सालभर की मेहनत और उपलब्धियों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्वांगीण विकास का माध्यम है। सफलता और असफलता जीवन के दो पहलू हैं, इसलिए असफलता से घबराने के बजाय उससे सीखकर आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्य अतिथि तौफीक आलम ने कहा कि आज का दिन विद्यालय के लिए ऐतिहासिक है। बच्चों की प्रस्तुतियों ने स्पष्ट कर दिया कि शिक्षा सिर्फ कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों के लिए लक्की ड्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मंच संचालन अर्चिता शर्मा और अंजनी कुमारी ने किया।
कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष रितेश कुमार, अधिवक्ता अमरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, आमिर सोहैल, आरती बाखला, पंखुड़ी कच्छप, अनस अंसारी, शुभम प्रियदर्शी, संतोष कुमार समेत कई अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
