जोहार हिंदुस्तान | नई दिल्ली: 22 और 23 अक्टूबर की मध्यरात्रि के बीच लगभग 2 बजे राजधानी दिल्ली के बहादुर शाह ज़फर मार्ग पर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस और चार अपराधियों के बीच आमने-सामने गोलीबारी हुई, जिसमें सभी अपराधी मौके पर ढेर हो गए।
पुलिस ने तत्काल घायलों को रोहिणी स्थित डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर (BSA) अस्पताल पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ढेर हुए अपराधियों की पहचान
मारे गए अपराधियों में तीन बिहार के और एक दिल्ली का निवासी था।
रंजन पाठक (25 वर्ष) – निवासी सीतामढ़ी, बिहार
बिमलेश महतो (25 वर्ष) – निवासी सीतामढ़ी, बिहार
मनीष पाठक (33 वर्ष) – निवासी सीतामढ़ी, बिहार
अमन ठाकुर (21 वर्ष) – निवासी करावल नगर, दिल्ली
पुलिस ने दी आधिकारिक जानकारी
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कई संगीन अपराधिक मामले दर्ज थे। बिहार पुलिस को इनकी लोकेशन दिल्ली में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त अभियान चलाया गया। पुलिस ने जब अपराधियों को घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।
मामले की जांच जारी
पूरे प्रकरण की जांच उच्च स्तरीय टीम कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दिल्ली में इन अपराधियों की मौजूदगी का मकसद क्या था और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की लोकेशन क्या है।
