जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग बरटोली गांव में हुई तीन लोगों की निर्मम हत्या के मामले में एसपी सादिक अनवर रिजवी के नेतृत्व में लोहरदगा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने अंधविश्वास और ओझागुनी के शक में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
घटना का विवरण
यह वारदात 8/9 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि में घटी थी, जब गांव के ही लक्ष्मण नगेशिया (47 वर्ष), बिफनी नगेशिया (47 वर्ष) और इनके पुत्र रामविलास नगेशिया (लगभग 10 वर्ष) की हत्या अज्ञात अपराधियों द्वारा कर दी गई थी। घटना की जानकारी सुबह होते ही ग्रामीणों ने पेशरार थाना पुलिस को दी।
एसपी सादिक अनवर ने SIT टीम गठित कर शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए लोहरदगा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने तुरंत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (किस्को) वेदांत शंकर के नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी जांच में शामिल किया गया।राँची से आई फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
48 घंटे में खुलासा — तीन आरोपी गिरफ्तार
गहन अनुसंधान के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुखनाथ नगेशिया (26 वर्ष) पिता चौरु उर्फ चमरु नगेशिया, बिंदेश्वर नगेशिया (21 वर्ष) पिता बलदेव नगेशिया, संचरवा नगेशिया (19 वर्ष) पिता भादे नगेशिया शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम केकरांग बरटोली, थाना पेशरार के निवासी हैं।
अंधविश्वास बना तीन जिंदगियों का दुश्मन
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मृतका बिफनी नगेशिया झाड़-फूंक और ओझागुनी करती थी।
उन्हें अंधविश्वास था कि बिफनी नगेशिया के कारण उनके घरों में बीमारी और गर्भपात जैसी घटनाएं हो रही हैं।
इसी अंधविश्वास के चलते तीनों ने प्रतिशोध की भावना से परिवार की हत्या की योजना बनाई और मध्यरात्रि में पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बरामद किए हथियार और सबूत
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से हत्या में उपयोग किए गए खून से सने हथियार और कपड़े बरामद किए हैं।
1 लकड़ी का बैंट वाला खून सना कुदाल
1 खून लगा पत्थर
खून लगे कपड़े (शर्ट, टी-शर्ट, लोवर, जैकेट)
Hero HF Deluxe बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01-CW-8978)
छापामारी दल के सदस्य
कार्रवाई में शामिल वेदांत शंकर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किस्को, बिरेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी, पेशरार, दिनेश कुमार, थाना प्रभारी, बगडू, जेनी सुधा तिग्गा, थाना प्रभारी, महिला थाना, संजय कुमार, लोहरदगा सहित कुल 15 से अधिक पुलिसकर्मी, आईआरबी, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक विशेषज्ञ शामिल रहे।
एसपी सादिक अनवर रिजवी का बयान
मामले पर लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि अंधविश्वास और कुप्रथा के कारण हुई इस विभत्स हत्या ने समाज को झकझोर दिया है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस केस का खुलासा कर दोषियों को जेल भेज दिया है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।