जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : लोहरदगा-किस्को मुख्य पथ की स्थिति दिनों-दिन भयावह होती जा रही है। कुछ ही वर्ष पूर्व बने इस मार्ग पर अब चलना लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और भी अधिक बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मुख्य मार्ग 24 घंटे चालू रहता है। किस्को और आसपास के गांवों से लोग साइकिल, बाइक, ऑटो और चारपहिया वाहनों से लोहरदगा आते-जाते हैं। लेकिन जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालक खतरे में सफर करने को मजबूर हैं। कई बार छोटे हादसे भी सामने आ चुके हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के समय ही इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठे थे, जिसका परिणाम आज सामने है। महज एक वर्ष में ही सड़क जर्जर होकर टुकड़े-टुकड़े हो गई है। अब आलम यह है कि किस्को से लेकर लोहरदगा तक गड्ढों की लंबी कतार किसी बड़ी दुर्घटना को न्यौता दे रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित सफर की सुविधा मिल सके। फिलहाल सड़क की बदहाल स्थिति पर विभागीय पहल का इंतजार है।