जोहार हिंदुस्तान | रांची : झारखंड में कुरैशी समाज की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक समस्याओं को सामने लाने के लिए जमीयत उल कुरैश चौरासी पंचायत झारखंड का प्रतिनिधि मंडल झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री (शहरी विकास एवं आवास विभाग) सुदिव्य कुमार सोनू से मिला। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व अध्यक्ष हाजी अफसर कुरैशी ने किया। इस दौरान मंत्री को समाज की परेशानियों से अवगत कराते हुए आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा गया।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि झारखंड में कुरैशी समाज की आबादी लगभग 6 लाख है, लेकिन नेतृत्व और प्रतिनिधित्व के स्तर पर यह समाज काफी पीछे है। यह समाज मुख्य रूप से पशु व्यापार और मीट व्यापार पर निर्भर है, जो लाखों लोगों की आजीविका का साधन है। मगर वर्तमान परिस्थितियों में यह व्यवसाय कई समस्याओं से जूझ रहा है।
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि प्रदेश में नगर निगमों द्वारा संचालित पशु वध गृह लंबे समय से बंद पड़े हैं और पशु बाजारों में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। वहीं, पशु परिवहन के दौरान कई बार गैर सरकारी संगठनों द्वारा पशु व्यापारियों के साथ लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाएं होती हैं, जिससे समाज के लोगों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
प्रतिनिधि मंडल की प्रमुख मांगें
1. कुरैशी समाज का सभी स्तर पर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
2. बंद पड़े पशु वधशालाओं का आधुनिकीकरण कर नियमों के अनुसार पुनः चालू कराया जाए।
3. राज्य मीट बोर्ड का गठन कर एकल विंडो सिस्टम लागू किया जाए।
4. गौशाला और गौरक्षा के नाम पर सड़क पर गाड़ियां रोककर लूटपाट व हिंसा करने वाले संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
5. झारखंड पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005 से भैंस (14-16 साल से अधिक) पर प्रतिबंध हटाया जाए।
6. कुरैशी समाज के शैक्षिक व आर्थिक विकास हेतु कोचिंग, गाइडेंस सेंटर और स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जाएं।
7. महिलाओं और युवाओं के लिए वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर, डिजिटल कोर्सेस और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग सेंटर शुरू किए जाएं।
8. सीएनटी एक्ट के कारण कुरैशी समाज की जमीन संबंधी समस्या का समाधान करते हुए समाज को एसटी (अनुसूचित जनजाति) वर्ग में शामिल किया जाए।
हाजी अफसर कुरैशी ने मंत्री से आग्रह किया कि कुरैशी समाज की इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए। प्रतिनिधि मंडल में आबिद कुरैशी, नेहाल कुरैशी, हाजी बेलाल कुरैशी और यासिन कुरैशी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।