जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा : शुक्रवार की दोपहर को लोहरदगा सदर अस्पताल में अचानक एसडीओ अमित कुमार और डीएसपी सुधीर प्रसाद साहू कुछ अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे, एसडीओ और डीएसपी के अचानक सदर अस्पताल पहुंचने से थोड़ी देर के लिए लोग भौंचक रह गए। अस्पताल पहुंचने के बाद अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और मौके पर ही मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओपीडी और शिशु ओपीडी का निरीक्षण किया। मरीजों से उनके इलाज, दवा की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर सीधा फीडबैक लिया। कई मरीजों ने अस्पताल की सुविधाओं पर संतोष जताया, जबकि कुछ ने सुधार की आवश्यकता भी बताई।
अस्पताल के विभिन्न विभागों में घूमकर अधिकारियों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही साफ-सफाई, समय पर दवा उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान देने का आदेश दिया।
निरीक्षण के मुख्य बिंदु
1. मरीजों से सीधा फीडबैक – ओपीडी और शिशु ओपीडी में इलाज, दवा और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर मरीजों से प्रत्यक्ष बातचीत।
2. सुरक्षा पर फोकस – अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या और उनकी कार्यशीलता की जांच। महिला मरीजों की सुरक्षा को लेकर विशेष पड़ताल।
3. सख्त निर्देश – अधिकारियों ने साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
4. भविष्य की योजना – महिला मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल में महिला सिपाहियों की नियुक्ति की योजना बनाई जा रही है।
निरीक्षण पर एसडीओ अमित कुमार और ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह गंभीर है। अस्पताल की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही अस्पताल में आम लोगों के सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिला प्रशासन लगातार काम कर रही है अस्पताल में सीसीटीव की स्थिति और महिला सुरक्षा को लेकर भी निरीक्षण किया गया।