जोहार हिंदुस्तान | रांची और आसपास के इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते राजधानी के जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता, रिमिक्स सहित कई प्रमुख जलप्रपात इस समय अपने पूर्ण उफान पर हैं। जलधारा की तीव्र गति, चट्टानों से टकराती लहरें और अचानक जलस्तर में वृद्धि इन जलप्रपातों को और भी खतरनाक बना रही है।
हालांकि इस समय का दृश्य प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम उदाहरण है, लेकिन थोड़ी सी असावधानी गंभीर हादसे और जानमाल के नुकसान का कारण बन सकती है।
जलप्रपातों के आसपास का इलाका बेहद जोखिम भरा
जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने पर्यटकों, आगंतुकों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में इन जलप्रपातों के समीप न जाएं। फिसलन भरी चट्टानें, तेज बहाव और अचानक बढ़ता जलस्तर जानलेवा साबित हो सकता है।
जिला प्रशासन की सख्त अपील और सुझाव
पर्यटक एवं स्थानीय लोग जलप्रपातों के नजदीक न जाएं।
प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें।
मौसम की स्थिति और प्रशासनिक सूचनाओं पर लगातार नज़र रखें।
परिवार व बच्चों को जोखिम भरे क्षेत्रों से दूर रखें।
आपातकालीन स्थिति में संपर्क
किसी भी आपात परिस्थिति में तुरंत पुलिस, जिला प्रशासन या नजदीकी आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें। रांची जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। हम सभी से आग्रह करते हैं कि प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद सुरक्षित दूरी से ही लें और अपने व अपने परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
अबुआ साथी हेल्पलाइन: 9430328080
(रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर)