जोहार हिंदुस्तान | रांची : झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अंतिम श्रद्धांजलि देने
आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी रांची पहुंचे। यहां से वे सड़क मार्ग से रामगढ़ जिले के नेमरा गांव रवाना हुए, जहां शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
खड़गे और राहुल गांधी झारखंड की राजनीति में शिबू सोरेन के ऐतिहासिक योगदान और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को नमन करने पहुंचे हैं। दोनों नेताओं ने रांची में शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिबू सोरेन सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे।
रांची एयरपोर्ट से निकलने के बाद उनका काफिला नेमरा गांव की ओर रवाना हुआ, जहां झारखंड के इस महान सपूत को अंतिम विदाई देने हजारों की संख्या में लोग जुटे हैं।
शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए झारखंड के कोने-कोने से लोग उमड़ रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां भी नेमरा पहुंच रही हैं।
झारखंड सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की घोषणा की है।