जोहार हिंदुस्तान | रांची : झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “यह केवल झारखंड वासियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
“आदिवासी समाज के अधिकारों की बुलंद आवाज थे गुरुजी” सांसद सुखदेव भगत
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि दिशोम गुरुजी का संपूर्ण जीवन आदिवासी, वंचित और शोषित समाज के अधिकारों के संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने झारखंड के लोगों के लिए एक पृथक राज्य की कल्पना को साकार किया और उसे मजबूत नेतृत्व प्रदान किया।
सांसद ने कहा..
“झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने न सिर्फ राजनीतिक मंच पर, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी आदिवासी अस्मिता की आवाज को बुलंद किया”
सांसद ने ईश्वर से प्रार्थना की कि “गुरुजी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों, समर्थकों तथा पूरे झारखंड को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”