जोहार हिंदुस्तान डेस्क नई दिल्ली : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड आंदोलन के प्रणेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने शोक संदेश में कहा
“श्री शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने जनजातीय पहचान की रक्षा और झारखंड राज्य के गठन के लिए लंबा संघर्ष किया। जमीनी स्तर पर उनके कार्य के साथ-साथ उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। जनकल्याण विशेषकर आदिवासी समाज के कल्याण के लिए उनका समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा
“मैं झारखंड के मुख्यमंत्री और शिबू सोरेन जी के पुत्र श्री हेमंत सोरेन, उनके अन्य परिजनों और सभी प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।”
झारखंड राज्य और देश की राजनीति में अपनी विशिष्ट छवि छोड़ने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जाना एक युग का अंत है। उनका संघर्ष, उनका विचार और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।