जोहार हिंदुस्तान | लोहरदगा/झारखंड : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को नगर परिषद क्षेत्र लोहरदगा में होने वाले मतदान को लेकर समाहरणालय परिसर से सभी 46 मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। जिले में कुल 46 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य के दौरान कोई भी पदाधिकारी किसी प्रकार के दबाव या प्रभाव में न आएं। आपसी समन्वय बनाए रखते हुए त्रुटिरहित और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा चुका है, अतः प्रशिक्षण के अनुरूप कार्य करें।
सेक्टर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि मतदान केंद्र तक सुरक्षित पहुंचने से लेकर मतदान प्रक्रिया पूर्ण कराने और सीलबंद मतपेटिका को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित जमा कराने तक सेक्टर दंडाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
कुल 43,070 मतदाता करेंगे मतदान
नगर परिषद क्षेत्र में कुल 43,070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 21,027 पुरुष एवं 22,043 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इस निर्वाचन में NOTA का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, सामान्य प्रेक्षक मो. मुस्तकीम, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा सहित सभी जोनल दंडाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी, सेक्टर दंडाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान संपन्न कराने का भरोसा जताया है।